कानपुर, संवादपत्र । नगर आयुक्त सुधीर कुमार शहर की सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण करने निकले। मोतीझील से निकले नगर आयुक्त ने दक्षिण क्षेत्र व पनकी समेत कई क्षेत्रों में सफाई का जायजा लिया। सफाई कार्य के निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमित सिंह को फोन किया तो उन्होंने नहीं उठाया।
नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. चन्द्रशेखर का मोबाइल बन्द पाया गया। उन्होंने कहा कि अधिकारियों द्वारा सफाई पर्यवेक्षण कार्य में शिथिलता बरती जा रही है इसलिये दोनों नगर स्वास्थ्य अधिकारी का वेतन अग्रिम आदेशों तक रोक दिया जाये।
नगर आयुक्त को बेनाझाबर मार्ग, नरेन्द्र मोहन सेतु से जेके मन्दिर होते हुए फजलगंज, दीप सिनेमा से सोटे वाले बाबा मन्दिर होते हुए संजय वन तक सफाई व्यवस्था संतोषजनक मिली। दीप सिनेमा मुख्य मार्ग पर सफाई कर्मचारी कार्य करते हुए पाये गये। शताब्दी नगर पॉवर हाउस मार्ग पर पेड़ गिरा मिला। जिसे उद्यान अधीक्षक को हटाने को कहा।
नगर आयुक्त ने पनकी में वार्ड-50 मान्यवर कांशीराम आवास का निरीक्षण किया। पनकी में उन्होंने क्षेत्र के सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति भी चेक की। उन्होंने सड़क पर कूड़ा फेंकने वालों पर कार्रवाई के निर्देश दिये। अतिक्रमण, कूड़ा और छुट्टा पशुओं पर नियंत्रण लगाने के भी निर्देश दिये।
डोर-2-डोर जाने वाले कर्मचारी ड्रेस में रहें
वार्ड-57 में घर-घर कूड़ा संग्रहण की जानकारी की। मौके पर उपस्थित सुपरवाइजर ने बताया कि सुबह 6.30 से ही घर-घर से कूड़ा संग्रहण का कार्य प्रारम्भ कर दिया जाता है। नगर आयुक्त ने कहा कि घर-घर कूड़ा संग्रहण में जो कर्मचारी लगे हैं, वह वर्दी में रहेंगे। जिन घरों द्वारा कूड़ा नहीं दिया जा रहा है, उसकी सूची बनाकर जोनल स्वच्छता अधिकारी एवं नगर स्वास्थ्य अधिकारी को दें।
सॉलिड वेस्ट मैनेजमेन्ट प्लान्ट भी पहुंचे
पनकी भाऊ सिंह स्थित सॉलिड वेस्ट मैनेजमेन्ट प्लान्ट का भी नगर आयुक्त ने निरीक्षण किया। उन्होंने प्लान्ट में कूड़ा निस्तारण से सम्बन्धित हो रहे कायों के सम्बन्ध में विस्तारपूर्वक जानकारी ली। सॉलिड वेस्ट मैनेजमेन्ट प्लान्ट में प्रतिदिन 1350 मीट्रिक टन कूड़ा आता है।