Kanpur: हड़ताल वापस कराने के प्रयास विफल, महापौर और मैथानी वापस लौटे…सार्वजनिक माफी व गिरफ्तारी पर अड़ी यूनियन

By Sanvaad News

Published on:

Follow Us

कानपुर, संवादपत्र । ABVP कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी न होने पर शुक्रवार को नगर निगम कर्मचारियों ने पूर्ण हड़ताल कर दी। सुबह से ही सड़कों पर न झाडू लगी और न ही कूड़ा उठा। जिससे गली मौहल्ले कूड़े से बजबजा गये। यूनियन ने अधिकारियों के सहयोग से जोनल कार्यालय और मुख्यालय में कामकाज ठप कर दिया। सैकड़ों सफाई कर्मचारियों ने मुख्यालय पर धरना दिया।

शहर में फैली अव्यवस्था के बाद नगर निगम पहुंच महापौर प्रमिला पांडेय और विधायक सुरेंद्र मैथानी ने यूनियन के नेताओं और अधिकारियों के साथ बैठक कर हड़ताल वापस कराने का प्रयास किया, लेकिन वह विफल हुये। यूनियन नेताओं और अधिकारियों ने कहा कि अभद्रता करने वाले एबीवीपी कार्यकर्ता सार्वजनिक रूप से माफी मांगे या फिर गिरफ्तारी दें तभी हड़ताल वापस होगी। 

नगर आयुक्त सुधीर कुमार के दफ्तर में मंगलवार शाम को हंगामा करने वाले अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) कार्यकर्ताओं के खिलाफ नगर निगम ने मुकदमा दर्ज कराया था। सरकारी कार्य में बाधा डालने, सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों से अशोभनीय व्यवहार करने व गाली-गलौज करने के ममाले में नगर निगम ने एबीवीपी के संगठन मंत्री समेत 13 लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।

इसके साथ ही 17 अज्ञात पर भी रिपोर्ट दर्ज करने को कहा गया है। एफआईआर में एबीवीपी के संगठन मंत्री अशुतोष, प्रांजल, निशांत, गुंजन, दिग्विजय, वैभव शुक्ला, माधव राजपूत, कौशिक दुबे, राघवेंद्र दीक्षित, आशीष सिंह, शोभित भदौरिया, पियूष पांडेय, हरीश चौहान के नाम दर्ज हैं। 

महापौर और सुरेंद्र मैथानी ने की बातचीत की कोशिश

शहर में ठप सफाई व्यवस्था को लेकर दोपहर को विधायक सुरेंद्र मैथानी नगर निगम मुख्यालय पहुंचे। इस दौरान उन्होंने फोन कर महापौर प्रमिला पांडेय से मिलने की बात कही। इसपर महापौर बिठूर में चल रहे एक कार्यक्रम को छोड़कर मुख्यालय पहुंची। यहां यूनियन नेता रमकांत मिश्रा, हरिओम बाल्मिकी, विनोद कुमार, देवीदीन भाऊ, मुन्ना हजारिया के साथ ही नगर निगम के अधिकारी राजेश सिंह और अनिरुद्ध सिंह के साथ उन्होंने बैठक की। 

महापौर ने कहा कि आपकी हड़ताल ने शहर को कूड़े में धकेल दिया है। सुरेंद्र मैथानी शहरवासियों के हित में हड़ताल वापस करने को उचित बताया। लेकिन इस दौरान यूनियन के नेताओं और अधिकारियों ने कहा कि अभद्रता करने वाले एबीवीपी कार्यकर्ता सार्वजनिक रूप से आकर माफी मांगे या फिर उनकी गिरफ्तारी हो तभी हड़ताल वापस होगी। 

महापौर ने कहा कि हमें सबके सम्मान को देखना है। महापौर ने मैथानी से कहा कि अभद्रता करने वालों को बुलाइये इसपर मैथानी ने कहा कि मैं उन्हें बिना बताये आया हूं। उन्हें लग रहा है कि मैं उनको माफी दिलवाना चाहता हूं। तमाम बातचीत के बीच बिना निष्कर्ष बैठक खत्म हो गई।

नगर आयुक्त ने भिजवाया मैसेज

यूनियन के नेताओं ने कहा कि नगर आयुक्त सुधीर कुमार ने कहा है कि मुकदमा किसी भी कीमत पर वापस नहीं किया जायेगा। रमाकांत मिश्रा ने बताया कि हमारे मुखिया और कर्मचारियों का सम्मान सर्वोपरि है। जबतक माफी नहीं मांगेगे तब तक हड़ताल जारी रहेगी।

Sanvaad News

आपका स्वागत है संवाद पत्र में, जहाँ हम आपको ताज़ा खबरों और घटनाओं से अवगत कराते हैं। हमारी टीम हर समय तत्पर है ताकि आपको सबसे सटीक और नवीनतम समाचार मिल सकें। राजनीति, खेल, मनोरंजन, व्यवसाय, और तकनीक से संबंधित खबरें पढ़ने के लिए हमारे साथ बने रहें। संवाद न्यूज़ - आपकी आवाज़, आपकी खबर।

Leave a Comment