Kanpur: नए नगर आयुक्त चार्ज संभालते ही गिनाईं प्राथमिकताएं, बोले- इन कार्यों पर करेंगे फोकस…कानपुर को बनाएंगे नंबर वन

By Sanvaad News

Published on:

Follow Us

गृहकर के बिलों की समस्याओं को दूर करने के लिये लगेंगे कैंप

कानपुर, संवादपत्र । कानपुर के नगर आयुक्त बनाये गये सुधीर कुमार गहलोत ने गुरुवार को नगर निगम पहुंचकर पदभार ग्रहण कर लिया। नगर आयुक्त ने कहा कि बारिश के दौरान जगह-जगह सड़कें खराब हो गई हैं। सड़कों का सर्वे कराकर उन्हें गड्ढामुक्त करेंगे। इसके साथ ही कई क्षेत्रों में जलभराव हो रहा है। सोसाइटी क्षेत्रों में होने वाले जलभराव का भी सर्वे कराएंगे। इस समस्या को दूर कराना प्राथमिकता होगी। नगर आयुक्त ने चार्ज लेने के बाद महापौर प्रमिला पांडेय के कार्यालय जाकर मुलाकात की।

सीडीओ रहे सुधीर कुमार को नया नगर आयुक्त बनाया गया है। वह गुरुवार दोपहर नगर निगम पहुंचे और चार्ज संभालते ही अधिकारियों और महापौर के साथ संक्षिप्त बैठक की। नगर निगम के कार्यों और विकास कार्यों को समझा। नगर आयुक्त सुधीर कुमार ने कहा कि शहर में राजस्व वसूली, सफाई और अतिक्रमण पर भी उनका फोकस रहेगा। गृहकर बिल की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाएगा।

हर जोन और वार्ड में कैंप लगाए जाएंगे। नगर आयुक्त ने कहा कि उनका लक्ष्य शासन की ओर से दिये गये टारगेट को पूरा करना है। उन्होंने कहा कि 500 करोड़ के रेवेन्यू को बढ़ाकर 700 करोड़ तक ले जाने का प्रयास रहेगा। उन्होंने कहा कि सूरत जैसे छोटे शहर में राजस्व वसूली काफी बेहतर है। कानपुर को भी नंबर एक बनाना है। पूरे शहर में सफाई व्यवस्था को और दुरुस्त किया जाएगा। 

एंटी लार्वा का छिड़काव व फॉगिंग होगी

नगर आयुक्त ने कहा कि बारिश को देखते हुए जलभराव की समस्या का त्वरित निदान और एंटी लार्वा का छिड़काव व फॉगिंग का कार्य भी तेज किया जाएगा। अतिक्रमण के खिलाफ अभियान छेड़ने की भी बात कही। उन्होंने कहा कि कानपुर में जाम और अतिक्रमण बड़ी समस्या है। जिसे चिह्नित करने के साथ ही अभियान चलाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को उन्होंने संचारी रोग नियंत्रण अभियान को सही तरीके से चलाने के निर्देश दिये।

Sanvaad News

आपका स्वागत है संवाद पत्र में, जहाँ हम आपको ताज़ा खबरों और घटनाओं से अवगत कराते हैं। हमारी टीम हर समय तत्पर है ताकि आपको सबसे सटीक और नवीनतम समाचार मिल सकें। राजनीति, खेल, मनोरंजन, व्यवसाय, और तकनीक से संबंधित खबरें पढ़ने के लिए हमारे साथ बने रहें। संवाद न्यूज़ - आपकी आवाज़, आपकी खबर।

Leave a Comment