दुबई। भारत ने सुपर-ओवर में श्रीलंका को पहली ही गेंद पर 3 रन दौड़कर हरा दिया है। अपनी-अपनी पारी में दोनों टीमों ने 202 रन बनाए थे। सुपर-ओवर में अर्शदीप सिंह ने श्रीलंकाई बल्लेबाजों को सिर्फ 2 रन बनाने दिए। इसी के साथ 2025 एशिया कप में टीम इंडिया का अजेय रिकॉर्ड बरकरार है, जबकि श्रीलंका सुपर-4 में एक भी मैच नहीं जीत सकी।इस मैच में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका के सामने 203 रनों का टारगेट रखा था। श्रीलंका ने इस टारगेट को हासिल करने की पूरी कोशिश की लेकिन अंत में वह भी 202 रन ही बना पाए। भारतीय टीम की तरफ से अभिषेक शर्मा ने सबसे ज्यादा 61 रन बनाए। वहीं श्रीलंका की तरफ से पथुम निसंका सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उन्होंने 107 रन बनाए।
सुपर ओवर में क्या हुआ?
सुपर ओवर की बात करें तो वहां श्रीलंका को पहले बल्लेबाजी करने का मौका मिला। श्रीलंका की टीम को पहली गेंद पर पहला झटका लगा। कुसल परेरा बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद दूसरी गेंद पर कमिंडु मेंडिस ने एक रन लिया। इसके बाद तीसरा गेंद शनाका ने डॉट खेला। इसके बाद अर्शदीप ने एक वाइड गेंद फेंकी, अगली गेंद पर भी शनाका ने कोई रन नहीं लिया। पांचवीं गेंद पर दसुन शनाका जितेश शर्मा के हाथों कैच आउट हो गए। इस तरह श्रीलंका की टीम पांच गेंदों में सिर्फ दो रन बनाने में कामयाब रही और भारत के सामने जीत के लिए 3 रन का टारगेट रखा।
भारत की तरफ से सुपर ओवर में बैटिंग करने के लिए शुभमन गिल और सूर्यकुमार यादव आए। श्रीलंका की तरफ से ये ओवर हसरंगा डाल रहे थे। पहली ही गेंद पर सूर्यकुमार यादव ने तीन रन लेकर भारत को एक आसान जीत दिलाई। इस जीत के साथ ही भारत ने इस टूर्नामेंट में विनिंग स्ट्रीक जारी रखा। इस एशिया कप में यह भारत की छठी जीत है।