पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होगा छपिया धाम, राज्यपाल ने दी मंजूरी
गोंडा, संवादपत्र । जिले के छपिया स्थित भगवान घनश्याम की जन्मस्थली स्वामीनारायण मंदिर को पर्यटन स्थल के रूप में संवारा जाएगा। प्रदेश सरकार ने इसे पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने का फैसला किया है। विकास कार्य के लिए 22.18 करोड रुपए की धनराशि स्वीकृत की गई है। राज्यपाल ने शासन के प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए 8 करोड़ रुपए की पहली किस्त मंगलवार को जारी कर दी है।
छपिया स्थित भगवान स्वामीनारायण का मंदिर स्वामी नारायण संप्रदाय के श्रद्धालुओं की आस्था का बड़ा केंद्र है। इस संप्रदाय की स्थापना करने वाले भगवान घनश्याम का जन्म इसी छपिया गांव में हुआ था। देश और विदेश में फैले इस संप्रदाय के अनुयायियों का पूरे वर्ष यहां आना-जाना लगा रहता है। भगवान राम की जन्मस्थली अयोध्या से सटा होने के कारण पर्यटन की दृष्टि से यह क्षेत्र काफी अनुकूल है। अयोध्या आने वाले श्रद्धालु भगवान घनश्याम का दर्शन करने के लिए छपिया जरूर पहुंचते हैं। इसको देखते हुए पर्यटन विभाग ने इस स्थान को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव प्रदेश सरकार को भेजा था।
कार्यदायी संस्था सीएंडडीएस ने इस स्थल के विकास के लिए 24.85 करोड़ रुपये की डिमांड की थी। इस प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए प्रदेश सरकार ने इस स्थल को सजाने संवारने के लिए 22.18 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है और पहली किश्त के रूप में 8 करोड़ रुपये का बजट जारी कर दिया है। शासन के उप सचिव संजीव कुमार श्रीवास्तव ने पर्यटन विभाग के महानिदेशक को पत्र भेजकर छपिया धाम को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किए जाने का निर्देश दिया है।