रामपुर, संवादपत्र । सिविल लाइन थाना क्षेत्र में बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। हादसे में फरीदपुर निवासी एक युवक की मौत हो गई। जबकि, मिलक निवासी अरबाज घायल हो गया। उसको जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।
जिला बरेली के थाना फरीदपुर के गांव फरखपुर मंझाहुआ निवासी नन्हे शाह का 20 साल का बेटा मोहिद दिल्ली में एक बेकरी में काम करता था। वह शुक्रवार रात को मिलक निवासी अरबाज के साथ बाइक से किसी काम से घर आया था। थोड़ी देर घर रुकने के बाद दोनों लोग फिर से दिल्ली के लिए रवाना हो गए थे। शनिवार तड़के पांच बजे सिविल लाइन थाना क्षेत्र के जीरो प्वांइट पर बाइक फिसलने के बाद दोनों दोस्त घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े। उसके बाद पुलिस भी आ गई। दोनों को जिला अस्पताल ले गई। डॉक्टरों ने मोहिद को मृत घोषित कर दिया।
मिलक निवासी अरबाज के घायल होने के कारण उसको अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी मिलने के बाद परिजन भी आ गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
दो भाइयों में छोटा था मोहिद
मोहिद की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के भाई मोहसिन का कहना है कि काफी समय से वह दिल्ली में बेकरी में काम कर रहा था। रात को ही किसी काम से घर आया था। उसके कुछ देर के बाद दोस्त के साथ दिल्ली जाने की बात कहकर चला गया था।लेकिन, पता नहीं था कि वह अब लौटकर नहीं आएगा। उसका शव ही लौटकर वापस आएगा। दो भाइयों में मोहिद दूसरा नंबर का था।