रामपुर, संवादपत्र । सिविल लाइंस क्षेत्र में राम रहीम पुल पर चाइनीज मांझे की चपेट में आने से बाइक सवार की गर्दन कट गई। इसमें वह बुरी तरह लहूलुहान हो गया। यह देख पुल पर राहगीरों की भीड़ लग गई। आनन-फानन में उसे शाहबाद गेट स्थित निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया गया। उसकी गर्दन में सात टांके लगाए गए हैं।
तहसील शाहबाद निवासी नईम अहमद रविवार को रामपुर से अपने घर जा रहा था। राम रहीम पुल पर अचानक चाइनीज मांझे से उसकी गर्दन कट गई। देखते ही देखते वह खून से लथपथ हो गया। उसकी बाइक भी अनियंत्रित होकर गई। यह देख पुल से गुजर रहे राहगीरों की भीड़ लग गई। उधर से गुजर रहे पुलिस कर्मी ने घायल नईम को आनन-फानन में शाहबाद गेट स्थित एक निजी चिकित्सक के भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टर को उसकी गर्दन में सात टांके लगाने पड़े।
चाइनीज मांझे से पहले भी कई लोग हो चुके हैं घायल
चाइनीज मांझा लोगों के लिए मौत बनता जा रहा है। मगर इसके बाद भी अधिकारी इस पर रोक नहीं लगा पा रहे हैं। रक्षा बंधन करीब आते ही युवक पतंगबाजी करने लगते हैं। राम-रहीम पुल के दोनों ओर कालोनियां बनी हैं। लोग अपनी छतों पर चढ़कर चाइनीज मांझे से पतंग उड़ाते हैं। उनका मांझा टूटकर कर या पतंग कटने के दौरान मांझा लोगों की गर्दन पर आ जाता है। इसकी चपेट में आकर लोग घायल हो गए जाते हैं। यह कोई पहला हादसा नहीं है। इससे पहले भी चाइनीज मांझे की चपेट में आकर कई दोपहिया वाहन सवार घायल हो चुके हैं। मगर पुलिस ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है। कभी-कभार चाइनीज मांझे के खिलाफ अभियान चलाकर अपने कर्तव्य की इतिश्री कर ली जाती है।