बहराइच, संवादपत्र । जिले के खैरा धौकल गांव निवासी चाचा भतीजे को सांप ने काट लिया। काफी देर बाद परिवार के लोगों को जानकारी हुई तो सभी अस्पताल लेकर पहुंचे। लेकिन जिला अस्पताल लाते समय रास्ते में मौत हो गई।
रामगांव थाना क्षेत्र के ग्राम खैरा धौकल गांव निवासी मयंकर का चार वर्षीय पुत्र आर्यन रात में छत पर मां ननकी देवी के साथ सो रहा था। रात में सांप ने आर्यन को काट लिया। इसके बाद 20 मीटर की दूरी पर छत पर सो रहे चचेरे भाई आठ वर्षीय अरविंद पुत्र रामादल को उसी सांप ने काट लिया। उसी छत पर परिवार के अन्य लोग भी लेटे थे। देर रात दीवार के रास्ते जहरीला सांप छत पर चढ़ गया और चचेरे भाइयों को डस लिया।
सांप के डसने के बाद अरविंद को दर्द हुआ तो चिल्लाने लगा। जब तक परिवार के लोग कुछ समझ पाते आर्यन की मौके पर ही मौत हो गई। परिवार के लोग अरविंद को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उसकी भी मौत हो गई। थानाध्यक्ष आलोक कुमार सिंह ने बताया कि दोनों की मौत सर्पदंश से हुई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।