कैंसर से हार गए दिग्गज क्रिकेटर अंशुमन गायकवाड़, 71 साल की उम्र में हुआ निधन…इन खिलाड़ियों ने किया शोक व्यक्त 

By Sanvaad News

Published on:

Follow Us

बेंगलुरु। भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज अंशुमन गायकवाड़ का लंबी बीमारी के बाद बुधवार को यहां निधन हो गया। वह 71 वर्ष के थे। भारतीय टीम के बेहतरीन ओपनर बल्लेबाजों में से एक रहे गायकवाड़ कैंसर से पीड़ित थे। वह टीम इंडिया के मुख्य कोच भी रहे थे। गायवाड़ के निधन की खबर से उनके प्रशंसक और क्रिकेट जगत शोक में डूब गया है। गायकवाड़ के निधन से भारतीय क्रिकेट ने एक ऐसे दिग्गज खिलाड़ी को खो दिया है, जिसने मैदान के अंदर और बाहर दोनों जगह महत्वपूर्ण योगदान दिया था। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर और हरभजन सिंह ने अंशुमन गायकवाड़ के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें वास्तविक भद्रजन बताया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गायकवाड़ के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने गायकवाड़ को प्रतिभाशाली खिलाड़ी और शानदार कोच बताते हुए अपने शोक संदेश में कहा, अंशुमान गायकवाड़ जी को क्रिकेट में उनके अपार योगदान के लिए याद किया जाएगा। वह एक प्रतिभाशाली खिलाड़ी और उत्कृष्ट कोच थे। उनके निधन से दुखी हूं। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना। ओम शांति। गायकवाड़ ने भारत के लिए 40 टेस्ट और 15 वनडे मैच खेले थे। उन्होंने अपने करियर में कई बेहतरीन पारियां खेली, जिसमें से पाकिस्तान के खिलाफ 1983 में खेली गई 201 रनों की पारी भी शामिल है। भारत और पाकिस्तान के बीच यह मुकाबला पंजाब के जालंधर में खेला गया था। 

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष और 1983 विश्व कप विजेता टीम के उनके साथी रोजर बिन्नी ने कहा कि क्रिकेट जगत को गायकवाड़ के योगदान की कमी खेलगी। बिन्नी ने बयान में कहा,अंशुमन गायकवाड़ का निधन भारतीय क्रिकेट के लिए एक बड़ी क्षति है। खेल के प्रति उनका समर्पण और प्यार अद्वितीय था। वह सिर्फ एक क्रिकेटर नहीं थे, बल्कि कई लोगों के लिए गुरु और मित्र थे। क्रिकेट समुदाय उन्हें बहुत याद करेगा और उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।  

भारत की सीमित ओवरों की श्रृंखला के लिए अभी श्रीलंका गए गंभीर ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, अंशुमन गायकवाड़ जी के निधन की खबर से दुखी हूं। भगवान उनके परिवार और प्रियजनों को शक्ति दे। हरभजन के गायकवाड़ के साथ बहुत अच्छे संबंध थे। उन्होंने 1998 में जब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था तब गायकवाड टीम के कोच थे।

हरभजन ने कहा,अंशुमन गायकवाड़ का निधन दिल तोड़ने वाली खबर है। उनके कोच रहते हुए टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण की मेरे साथ सुखद यादें जुड़ी हैं। वह वास्तव में भद्रजन थे। उनके निधन से भारतीय क्रिकेट को बड़ी क्षति पहुंची है। उनकी आत्मा को शांति मिले। परिवार के प्रति संवेदना। गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, अंशुमान गायकवाड़ जी के निधन से गहरा दुख हुआ, एक महान क्रिकेटर, जिनके क्रिकेट कौशल ने भारतीय क्रिकेट का गौरव बढ़ाया। दुख की इस घड़ी में उनके परिजनों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं हैं। ओम शांति।

Sanvaad News

आपका स्वागत है संवाद पत्र में, जहाँ हम आपको ताज़ा खबरों और घटनाओं से अवगत कराते हैं। हमारी टीम हर समय तत्पर है ताकि आपको सबसे सटीक और नवीनतम समाचार मिल सकें। राजनीति, खेल, मनोरंजन, व्यवसाय, और तकनीक से संबंधित खबरें पढ़ने के लिए हमारे साथ बने रहें। संवाद न्यूज़ - आपकी आवाज़, आपकी खबर।

Leave a Comment